मध्यप्रदेश लोक सहभागी साझा मंच

हर आठ मिनट में गायब होता है एक बच्चा...

नई दिल्ली। गृह मंत्रालय के अनुसार भारत में हर साल एक लाख बच्चे गायब होते हैं। इनमें से 45 प्रतिशत बच्चे ऐसे हैं जिनके बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिली। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों की बात की जाए तो देश में हर आठ मिनट में एक बच्चा गायब होता है।
सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने फरवरी 2013 में एक याचिका की सुनवाई करते हुए लापता बच्चों के मामले में सरकार द्वारा ध्यान देने पर आक्रोश जताते हुए कहा था कि यह सबसे बड़ी विडंबना है। गृह मंत्रालय के अनुसार 2011 से 2014 के बीच में देश में 3.25 लाख बच्चे गायब हुए। इसका सीधा मतलब है कि औसतन एक लाख बच्चे हर वर्ष गायब हो जाते हैं।

पाक-चीन हमसे अच्छे

अगर भारत के आधिकारिक आंकड़ों की अन्य देशों से तुलना की जाए तो हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान में हर साल केवल 3000 बच्चे लापता हुए। वहींजनसंख्या की समस्या से जूझ रहे चीन में यह संख्या मात्र 10 हजार है।

आखिर कहां जाते हैं बच्चे

इन सभी के बीच सबसे बड़ा यह सवाल उठता है कि आखिर गायब हुए बच्चे जाते कहां हैं?मंत्रालय की रिपोर्ट में लगभग डेढ़ लाख बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। हालांकि ऐसे बच्चों के बारे में यह माना जा रहा है कि उन्हें मार दिया गया है या फिर भीख मांगने और वेश्यावृत्ति जैसे कार्यों में धकेल दिया गया है। विशेषज्ञों की राय में ग्रामीण और शहरी इलाकों के कई बच्चे शारीरिक शोषण या फिर गरीबी के कारण घर से भाग जाते हैं। घर छोड़ने के बाद इन्हें कोई सुरक्षा नहीं मिलती जिससे कई गिरोह या फिर दलाल प्रलोभन देकर इन्हें फंसा लेते हैं।
म.प्र. दूसरे नंबर पर
सबसे ज्यादा खराब स्थिति महाराष्ट्र में है जहां पिछले साढ़े तीन साल में 50 हजार से ज्यादा बच्चे गायब हुए। वहीं म.प्र. में 15 हजार से ज्यादा लड़कियां और हजार से ज्यादा लड़के गायब हुए।

एक नजर आंकडों पर

2011 से 2014 के बीच
कुल 3,27,658 बच्चे गायब हुए जिसमें
1,81,011 लड़कियां
1,46,647 लड़के
1,48,115 बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं

राज्यों की स्थिति (2011 से 2014 के बीच)
(राज्य गायब हुए बच्चों की संख्या)

महाराष्ट्र 50,947
मध्य प्रदेश 24,836
दिल्ली 19,948
आंध्र प्रदेश 18,540


(पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश ने 2013 और 2014 के आंकडों नहीं दिए)

Courtesy- http://naidunia.jagran.com/national/-325-lac-children-missing-in-india-157099

Post a Comment

0 Comments